हेमंत बघेल
कसडोल। भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं नगर पंचायत कसडोल के उपाध्यक्ष डॉ. सुदीप मानिकपुरी ने लोकसभा में लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण संशोधन विधेयक-2026 पारित होने का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हित में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय बताया है।

डॉ. मानिकपुरी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। पेपर लीक, नकल तथा संगठित परीक्षा माफिया जैसी गतिविधियां प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय करती हैं और परीक्षा प्रणाली के प्रति समाज का विश्वास कमजोर करती हैं। ऐसे में यह संशोधन विधेयक परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि इस कानून से ईमानदारी और कड़ी मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करने वाले लाखों अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा होगी। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का मार्ग और अधिक प्रभावी बनेगा, जिससे योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर प्राप्त होंगे। डॉ. मानिकपुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा तथा पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण संशोधन विधेयक-2026 इसी संकल्प का सशक्त उदाहरण है, जो देश की परीक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनाएगा। उन्होंने विधेयक पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार तथा लोकसभा के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस निर्णय से प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत होगा तथा देश में सुशासन और पारदर्शिता को नई मजबूती मिलेगी।










































