हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की जान बच गई। पति के देर रात तक घर नहीं लौटने से घबराकर महिला ने आत्महत्या के इरादे से पेट्रोल पी लिया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलारी पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, घटना 21 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे की है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पलारी डायल 112 (बाज-01) में तैनात आरक्षक भास्कर प्रसाद और वाहन चालक दीपक साहू तुरंत संबंधित गांव पहुंचे। वहां परिजनों ने बताया कि महिला का पति देर रात तक घर नहीं लौटा था। किसी अनहोनी की आशंका से घबराकर महिला ने घर में रखा वाहन का पेट्रोल पी लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम ने बिना समय गंवाए महिला को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी पलारी में डॉक्टरों ने तत्काल स्टमक वॉश सहित आवश्यक उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा मिलने के कारण महिला की हालत में सुधार हुआ और डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तनाव, डर या मानसिक परेशानी की स्थिति में जल्दबाजी में कोई गलत कदम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस हर समय नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध है।




