हेमंत बघेल
शिवरीनारायण। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत रविवार को थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के चौपाटी परिसर में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा तथा अप्रवासी भारतीयों (NRI) से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में डीएसपी अजाक सतरूपा तारम की उपस्थिति में पीएसआई रितेश परमार ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि यदि किसी अप्रवासी भारतीय (NRI) से संबंधित कोई संदिग्ध जानकारी मिले या किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

कार्यक्रम में साइबर ठगी के लगातार बदलते तरीकों से सावधान रहने की अपील की गई। लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी। महिलाओं और युवतियों से किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में पीएसआई कविता एवं महिला आरक्षक दिव्या सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




