हेमंत बघेल
कसडोल। जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटपुरा के आश्रित ग्राम पैरागुड़ा में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए डीएमएफ (DMF) मद से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से 350 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह सड़क वार्ड क्रमांक 11 में मुख्य मार्ग से दशरथ के घर तक बनाई जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

ग्राम पंचायत के सरपंच ललित पैकरा एवं उपसरपंच हेमलाल साहू के नेतृत्व में पंचायत लगातार विकास की दिशा में कार्य कर रही है। पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता और दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार हो रहा है। सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को बरसात के दिनों में कीचड़ और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले इस मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता था और आवागमन बाधित हो जाता था। अब सीसी रोड बनने से लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा।
ग्राम पंचायत पुटपुरा द्वारा केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि गांव में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनहित के कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरपंच ललित पैकरा ने बताया कि पंचायत का उद्देश्य गांव के प्रत्येक वार्ड तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। वहीं उपसरपंच हेमलाल साहू ने कहा कि पंचायत की पूरी टीम गांव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी कई जनहितकारी कार्य कराए जाएंगे।
सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान पंचायत गांव के विकास के लिए लगातार सक्रिय है और विकास कार्यों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत पुटपुरा में पिछले कुछ समय से विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके चलते गांव की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हो रहे कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं तथा गांव विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।




