हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ 8 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे होगा। इंडोर स्टेडियम हॉल, कॉलेज रोड कसडोल में आयोजित उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
8 से 11 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर एवं सरगुजा संभाग के लगभग 520 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें 260 बालक और 260 बालिकाएं शामिल हैं। इसके अलावा सभी संभागों से लगभग 100 कोच एवं टीम मैनेजर भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता में रग्बी, गतका एवं फेंसिंग की विभिन्न विधाओं में खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। रग्बी में बालक एवं बालिका वर्ग के 19 वर्ष आयु वर्ग, जबकि गतका में 17 से 19 वर्ष तथा फेंसिंग में भी 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों एवं कोच के ठहरने, भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर ली गई हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन से कसडोल में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं जिले में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।










































