हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर लोगों को धमका रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश सूर्यवंशी उम्र 30 वर्ष निवासी हथनेवरा थाना चांपा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि यातायात जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा 6 मई 2026 को सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हाइवे रोड सारागांव क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे राहगीरों से सूचना मिली कि उत्तम ढाबा के पास एक युवक धारदार लोहे का कत्तानुमा हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही यातायात शाखा चांपा की पेट्रोलिंग टीम, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची। टीम में आरक्षक धर्मेंद्र तिवारी, छोटेलाल अजगल्ले एवं सुनील सिंह राजपूत शामिल थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और किसी भी संभावित अनहोनी को होने से पहले ही टाल दिया।
घटना स्थल थाना सारागांव क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण आरोपी को थाना सारागांव पुलिस के सुपुर्द किया गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी द्वारा आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




