हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश के चलते महानदी, शिवनाथ नदी सहित कई छोटे-बड़े नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने तथा बाढ़ आपदा प्रबंधन, होमगार्ड और रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।
अमेठी घाट पर आवागमन पूरी तरह बंद
पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 4 से 5 फीट ऊपर पहुंच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय प्रशासन ने एनीकट के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। साथ ही पुलिस बल और कोटवारों की तैनाती कर लोगों को नदी पार करने से रोका जा रहा है।
कलेक्टर की लोगों से अपील
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी नदी, एनीकट या पुल को पार करने का प्रयास न करें, जलस्तर बढ़ने पर नदी में न उतरें, अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




