हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा।जिले के अकलतरा थाना पुलिस ने घर में आगजनी कर नुकसान पहुंचाने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी महिला ने पूछताछ के दौरान घटना करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, अंधियारीपाठ निवासी रूपेश कुमार सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे उनके घर की छत में अचानक आग लग गई। बाहर निकलने पर उन्होंने पड़ोस में रहने वाली अनिता यादव को हाथ में जलती हुई लकड़ी लिए देखा, जो उन्हें देखकर अपने घर की ओर चली गई।
रूपेश ने अपने भतीजे ईशान के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। इस आगजनी में घर में रखी कुर्सी, कपड़े, तिरपाल और लकड़ी सहित करीब 5 हजार रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।
शिकायत के आधार पर अकलतरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, मौका निरीक्षण और नुकसानी पंचनामा तैयार किया गया। जांच में महिला की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में अनिता यादव (47 वर्ष), पति सतीश यादव, निवासी अंधियारीपाठ, वार्ड क्रमांक 19, अकलतरा ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगीठी भी जब्त की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




