हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। जिले की चांपा पुलिस ने स्क्रैप कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 5 किलो कॉपर वायर बरामद किया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, महामाया मोटर्स के प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल ने 19 जुलाई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। स्टॉक की जांच के दौरान स्क्रैप कॉपर वायर कम मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन युवक बाउंड्री फांदकर परिसर में घुसे और करीब 30 से 35 किलो स्क्रैप कॉपर वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है, चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 393/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 303(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बिरजु सूर्यवंशी (28 वर्ष), निवासी हथनेवरा, थाना चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके कब्जे से 5 किलो कॉपर वायर बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रउनि गोपी सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




