हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर नाबालिग को चिप्स खिलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाने और वहां दुष्कर्म करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, घटना 28 अगस्त 2026 की शाम की है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 65(2), 115(2) तथा पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने शुरू की तत्काल पतासाजी
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश और पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू देवार, पिता शंकर देवार, निवासी चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में संवेदनशीलता के साथ सख्त और शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










































