हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिधौरी में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। थाना गिधौरी पुलिस एवं यातायात शाखा कसडोल की संयुक्त टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट, फर्जी ई-केवाईसी अपडेट, ओटीपी ठगी और म्यूल अकाउंट (Mule Account) जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, निजी जानकारी और लोकेशन अज्ञात लोगों से साझा नहीं करने तथा मजबूत प्राइवेसी सेटिंग रखने की समझाइश दी गई।
यातायात शाखा की टीम ने बिना हेलमेट वाहन न चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने और नशे की हालत में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, बाल अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के लालच या बहकावे में न आने और संदिग्ध परिस्थितियों में तुरंत परिजनों या पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर भी प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।




