हेमंत बघेल
कसडोल। नगर पंचायत कसडोल में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नागेश्वर साहू के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र में ₹31.93 लाख की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण ट्यूबलर पोल विस्तार कार्यों का पूजा-अर्चना के साथ विधिवत भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में गायत्री चौक से कुफरताल तालाब तक ट्यूबलर पोल विस्तार कार्य (सिरपुर रोड) तथा शहीद वीर नारायण सिंह चौक से संजीवनी हॉस्पिटल तक ट्यूबलर पोल विस्तार कार्य (बलार रोड) शामिल हैं।
इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद दोनों प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था में सुधार होगा। इससे रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होने के साथ ही नगरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि कसडोल का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था का विस्तार होने से नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ रात के समय आवागमन भी अधिक सुरक्षित होगा।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। जनसुविधाओं का विस्तार और कसडोल का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर को बेहतर, सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
ये रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वैष्णो, पार्षदगण सुंदर साहू, संजय साहू, भगवती साहू, भानू साहू एवं अजय साहू, एल्डरमेन राजेन्द्र श्रीवास, गोटी लाल साहू, हेमलाल साहू, सेवक साहू एवं राजा पाठक सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ठेकेदार एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










































