शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले 14 असामाजिक तत्व जेल भेजे गए, उपद्रव और मारपीट की आशंका पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। आगामी गणेश पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती चंचल तिवारी तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, विवाद एवं मारपीट की आशंका वाले 14 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद सभी 14 आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य आगामी गणेश पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, उपद्रव अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति को उत्पन्न होने से रोकना है।
थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा रमाकांत तिवारी ने कहा कि गणेश पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग, निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से गणेश पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।










































