गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। से करीब 15 किलोमीटर दूर सिमगा थाना क्षेत्र में बिलासपुर-रायपुर मुख्य मार्ग NH-130 पर ग्राम चंदेरी ओवरब्रिज के पास बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर मौजूद मवेशी से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल ट्रेवल्स की कार क्रमांक CG-04-NX-4478 बिलासपुर से बैंगलोर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चंदेरी ओवरब्रिज के पास सड़क पर मौजूद मवेशी से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार रिचर्ड आईस्लेय डिंगर (74 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी स्तरीना डिंगल (70 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण से हुआ और वाहन चालक की भूमिका क्या रही, इसकी जानकारी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगी।
एंबुलेंस चालक पर विवाद के बाद मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद NH एंबुलेंस के चालक द्वारा गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए CHC सिमगा लाया गया। इस दौरान घायल महिला ने अपने सामान, बैग और पर्स के संबंध में एंबुलेंस चालक से जानकारी मांगी। आरोप है कि चालक ने सामान की जानकारी नहीं होने की बात कही, जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।
बाद में बताया गया कि महिला का सामान और पर्स एंबुलेंस में ही मौजूद था। विवाद एवं शांति भंग की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस चालक प्रमोद मारकण्डेय, पिता रेखलाल मारकण्डेय, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिमगा के विरुद्ध धारा 126(3)/135(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी बनी चिंता
NH-130 जैसे व्यस्त मुख्य मार्ग पर मवेशियों के सड़क पर आने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।










































