कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उच्च स्तरीय जांच और सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हेमंत बघेल
कसडोल। जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत बार में इन दिनों पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचायत में कथित आर्थिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच ग्राम पंचायत के पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल करते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के पंचों और कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में विकास कार्यों और वित्तीय मामलों में अनियमितताएं हुई हैं। इस संबंध में उन्होंने 10 जुलाई को कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

पंचों का कहना है कि पंचायत में कथित वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर लंबे समय से असंतोष व्याप्त है। वहीं, सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

इस बीच ग्रामीणों का आरोप है कि मामले के सामने आने के बाद कुछ प्रभावशाली स्थानीय नेता अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि संबंधित नेता समय-समय पर अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े रहने का दावा करते हुए स्वयं को प्रभावशाली बताते हैं।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।




