निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर मांग रही थी पैसे, राजनांदगांव से हुई गिरफ्तारी
हेमंत बघेल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रही थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव जिले की रहने वाली एक महिला उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांग रही थी। महिला द्वारा लगातार किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक और महिला पहले से एक-दूसरे को जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला युवक और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर निजी फोटो भेजकर ब्लैकमेल कर रही थी। पैसे नहीं देने पर इंस्टाग्राम में फोटो पोस्ट कर बदनाम करने की धमकी भी दी जा रही थी।
मामले में अकलतरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। व्हाट्सएप चैट और मोबाइल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे एवं आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




