हेमंत बघेल
बलौदाबाजार। प्रदेश में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी प्रत्याशी ऑनलाइन मतदान का इंतजार कर रहे हैं। संभावना है कि 30 जुलाई से ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होगी, जिसमें 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए मतदान होना है। चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर युवाओं से संपर्क साध रहे हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्थन जुटा रहे हैं।
इसी कड़ी में बलौदाबाजार जिले से जिला महासचिव पद के प्रत्याशी रविशंकर जायसवाल उर्फ राजू को युवाओं का अच्छा समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। कसडोल नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में युवा कार्यकर्ता उनके पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और उन्हें जिला महासचिव के रूप में देखने की इच्छा जता रहे हैं।
रविशंकर (राजू) जायसवाल लंबे समय से युवा कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने लगातार युवाओं की आवाज उठाने, संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने का प्रयास किया है। यही कारण है कि जिले के कई क्षेत्रों में उनके प्रति युवाओं का विश्वास और समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। आगामी ऑनलाइन मतदान को देखते हुए प्रत्याशी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। अब सभी की निगाहें 30 जुलाई से शुरू होने वाली मतदान प्रक्रिया और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं।




